परिवहन विभाग, बुलंदशहर द्वारा देवनागरी पीजी कॉलेज, गुलावठी, बुलंदशहर में सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं के बारे में एक फिल्म का प्रदर्शन किया गया। फ़िल्म में सड़क पर चलते हुए विभिन्न प्रकार के साइनबोर्ड जैसे स्कूल, ज़ेब्रा क्रासिंग, लेवल क्रॉसिंग, चौराहा, गोल चक्कर, गड्ढा, स्पीड ब्रेकर आदि चिह्नों के बारे में जानकारी दी गई। फ़िल्म में यह भी बताया गया कि 18 वर्ष से कम उम्र में वाहन चलाना या गलत तरीके से वाहन चलाना दुर्घटना का कारण बन सकता है।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो0 योगेश कुमार त्यागी ने कहा कि सड़क सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है जिसके लिए यातायात के नियमों का पालन करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय वैध ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, वाहन का बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र तथा फिटनेस प्रमाण पत्र साथ में होना आवश्यक है। इसके अलावा कार चलाते समय सीट बेल्ट तथा दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें।
पीयूष त्रिपाठी ने कहा कि नशे की हालत तथा निर्धारित गति सीमा से अधिक वाहन चलाने से दुर्घटनाएं हो सकती हैं। अतुल तोमर ने वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग ना करने तथा ओवरलोडिंग से बचने की की भी सलाह दी गई। डॉ महेंद्र कुमार ने कहा कि दुपहिया वाहन पर तीन या अधिक सवारी न करें।
शशि कपूर ने कहा कि किसी के घायल होने पर उसे तुरंत ही प्राथमिक चिकित्सा के लिए भर्ती कराया जाए। डॉ हरीश कसाना ने कहा कि सड़क पर गलत तरीके से ओवरटेकिंग न करें। नरेश कुमार ने कहा कि रात के समय डिपर का प्रयोग करें। डॉ विनीता ने कहा कि वाहन को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें।
इस अवसर पर हरिदत्त शर्मा, कृष्ण कुमार, श्याम प्रकाश, अमित कुमार, भूपेंद्र कुमार, अंकित गोयल, रवींद्र सिंह, सुनील शर्मा आदि उपस्थित रहे।